कोर्ट परिसर से दो कैदियों ने किया भागने का प्रयास:सिपाही की आंखों में मिर्च झोंककर भागे, शोर मचाने पर पुलिस ने दबोचा




कन्नौज में पेशी पर लाए गए दो विचाराधीन कैदियों ने बुधवार को कोर्ट परिसर से भागने का प्रयास किया। उन्होंने एक सिपाही की आंखों में लाल मिर्च झोंक दी, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। इस घटना से कोर्ट परिसर में सनसनी फैल गई। यह घटना तब हुई जब बलरामपुर निवासी जसवंत सिंह उर्फ पंकज चौहान और उन्नाव निवासी उसके दामाद सूरज कश्यप को अनौगी स्थित जिला जेल से पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। दोनों हत्या और लूट के आरोप में जिला जेल में बंद हैं। हवालात से पेशी पर ले जाते समय सूरज कश्यप ने अचानक सिपाही की आंखों में लाल मिर्च झोंक दी और मुख्य गेट की ओर भागने लगा। जसवंत भी उसके साथ भाग निकला। सिपाही के शोर मचाने पर कोर्ट परिसर में मौजूद भीड़ और पुलिसकर्मियों ने तत्काल जसवंत को घेरकर पकड़ लिया। इसके बाद परिसर की घेराबंदी की गई और सूरज को पास की झाड़ियों में छिपा हुआ पाया गया। दोनों बंदियों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस अधीक्षक बिनोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सूरज जिला कारागार की मेस से ही लाल मिर्च लेकर आया था। कचहरी में उनसे मिलने कोई परिजन या रिश्तेदार नहीं आया था। दोनों कैदियों के खिलाफ सदर कोतवाली में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह को सौंपी गई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *