मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।
.
पुलिस को धमकाने वाले विधायक की बढ़ी मुश्किल पुलिस अधिकारी को धमकाने वाले भाजपा विधायक प्रीतम लोधी मुश्किल में पड़ गए हैं। उनकी अपनी ही पार्टी ने उन्हें नोटिस जारी कर दिया है। पार्टी ने विधायक के आचरण को आपत्तिजनक और अनुशासनहीन बताया है।
भाजपा ने विधायक से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है और चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, विधायक का कहना है कि नोटिस मिलने के बाद वे अपना पक्ष रखेंगे।
दरअसल, हाल ही में विधायक प्रीतम लोधी के बेटे ने अपनी थार कार से कुछ लोगों को टक्कर मार दी थी। इसके बाद विधायक ने शुरुआत में पीड़ितों का पक्ष लेते हुए अपने ही बेटे के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पुलिस से कहा था।
हालांकि, जब पुलिस ने सख्ती दिखाई, तो विधायक का रुख बदल गया। उन्होंने एसडीओपी के खिलाफ धमकी भरे बयान देने शुरू कर दिए। बेटे को करेरा नहीं आने देने और चुनाव न लड़ने देने के कथित आरोपों पर विधायक ने एसडीओपी से कहा था- क्या करेरा तेरे डैडी का है?
विधायक ने करीब 10 हजार लोगों के साथ एसडीओपी के घर में गोबर भरने की धमकी भी दी। उन्होंने यह भी कहा, हमारा इतिहास देख लेना। विधायक ने ये भी कहा था कि पहले मेरा मुक्का ढाई किलो का था, अब यह ढाई सौ किलो का हो गया है।
इन बयानों के बाद आईपीएस एसोसिएशन ने भी नाराजगी जताई। वहीं, इस मामले को लेकर पार्टी की भी किरकिरी हो गई। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने भी मामले में संज्ञान लिया। जिसके बाद विधायक को नोटिस जारी किया है। अब आगे विधायक क्या कदम उठाते हैं, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
आईपीएस अफसर पर बयानबाजी को लेकर भाजपा ने विधायक प्रीतम लोधी को नोटिस दिया।
अपनी ही सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान सत्ताधारी दल भाजपा के एक और विधायक ने अपनी ही सरकार के लिए असहज स्थिति खड़ी कर दी है। विदिशा जिले की शमशाबाद सीट से विधायक सूर्य प्रकाश मीणा ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर गेहूं खरीदी की व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो वे किसानों के साथ सड़क पर उतरेंगे।
दरअसल, भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों ने विधायक से मुलाकात कर उन्हें गेहूं खरीदी में फैली अव्यवस्थाओं और किसानों की परेशानियों से अवगत कराया। इस पर विधायक ने मौजूदा व्यवस्था को चिंताजनक बताया।
उन्होंने कहा कि आमतौर पर हर साल 20 अप्रैल तक तुलाई की प्रक्रिया पूरी हो जाती थी, लेकिन इस बार व्यवस्थाएं अभी भी शुरुआती स्तर पर हैं। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह से मिलने की बात भी कही है।
विधायक ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि यदि एक सप्ताह में व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो सभी किसान अपने काम छोड़कर सड़क पर उतरने के लिए तैयार रहें। हम किसानों के साथ हैं।
सत्ता पक्ष के विधायक का अपनी ही सरकार के खिलाफ इस तरह का रुख राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। आमतौर पर इस तरह के तेवर विपक्ष की ओर से देखने को मिलते हैं, लेकिन शिवराज सिंह के संसदीय क्षेत्र से आने वाले भाजपा विधायक का यह बयान अलग संदेश दे रहा है।
भाजपा विधायक सूर्य प्रकाश मीणा ने अपनी ही सरकार के खिलाफ आंदोलन की बात कही।
गंदगी की शिकायत मिलने पर मंत्री ने लगाई फटकार भोपाल में मंत्री कृष्णा गौर नगर निगम के अधिकारियों पर नाराज हो गईं। दरअसल, वह एक भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं, जहां स्थानीय लोगों ने इलाके में फैली गंदगी और समय पर कचरा न उठाए जाने की शिकायत की।
शिकायत सुनते ही मंत्री ने मौके पर ही नगर निगम के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि अगले ही दिन से कचरा समय पर उठाया जाए और इस संबंध में दोबारा शिकायत नहीं आनी चाहिए।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में चर्चा है कि मंत्री की सख्ती के बाद शायद व्यवस्थाएं सुधरें। वर्ना दो दिन पहले ही भाजपा के एक पार्षद को मजबूरी में स्वयं कचरा उठाकर फेंकना पड़ा था, जो व्यवस्था की स्थिति को दर्शाता है।
भोपाल में गंदगी की शिकायत मिलने पर मंत्री कृष्णा गौर ने निगम अफसरों को फटकार लगाई।
साउथ इंडियन लुक में नजर आए सीएम मोहन यादव जैसा देश, वैसा भेष.. कुछ इसी तर्ज पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक अलग अंदाज में नजर आए। वे तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के दौरान साउथ इंडियन लुक में दिखाई दिए।
सीएम ने सफेद रंग की लुंगी और सफेद शर्ट पहनी थी, साथ ही कंधे पर पारंपरिक अंदाज में गमछा डाला हुआ था। रोड शो के दौरान उन्होंने स्टाइलिश चश्मा भी पहना, जिससे उनका लुक और खास नजर आया।
मुख्यमंत्री के इस अलग अंदाज की अब जमकर चर्चा हो रही है।
तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव साउथ इंडियन लुक में नजर आए।
इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), कपिल जैन (विदिशा)
ये भी पढ़ें – दूल्हा-दुल्हन से बोले मंत्री- अपने पार्टनर के साथ ही जाना: लेडी टीआई और महापौर में हो गई तू-तू मैं-मैं
मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को अलग अंदाज में सलाह दे डाली। मंच से उन्होंने कहा यहां करीब 200 शादियां हुई हैं, ऐसे में पहचान का संकट हो सकता है। विदाई के समय अपने-अपने जोड़े के साथ ही जाएं। ऐसा न हो कि गलती से अगल-बगल वाले के साथ ही निकल पड़ें। पूरी खबर पढ़ें