इंदौर6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इसी बिल्डिंग की पार्किंग में शंपा पाठक को आरोपी ने कार से कुचला था।
इंदौर के लसूड़िया इलाके में इन्फोसिस इंजीनियर महिला की कार से कुचलकर हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घटना के एक महीने बाद भी आरोपी के अवैध पेंटहाउस पर कार्रवाई नहीं होने से सवाल उठ रहे हैं।
लसूड़िया थाना क्षेत्र के निपानिया स्थित एक बिल्डिंग में पेंटहाउस में चल रही कथित अवैध गतिविधियों को लेकर 25 मार्च को रहवासियों और कुलदीप चौधरी के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान कुलदीप ने अपने बेटे मोहित को बुलाया।
आरोप है कि मोहित चौधरी ने पार्किंग में तेज रफ्तार कार दौड़ाते हुए शंपा पाठक को कुचल दिया। इस दौरान चौकीदार महिला रानू समेत अन्य लोग भी घायल हुए। घटना में शंपा पाठक की मौत हो गई।
घटना के सीसीटीवी और अन्य वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी कुलदीप चौधरी और उसके बेटे मोहित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया था। उस समय प्रशासन ने अवैध पेंटहाउस को गिराने की बात भी कही थी।
दो बार नोटिस, फिर भी नहीं हुई कार्रवाई
मेयर पुष्यमित्र भार्गव के निर्देश के बाद 27 मार्च को नगर निगम ने 7 दिन में पेंटहाउस हटाने का नोटिस जारी किया था। इसके बाद दूसरी बार भी नोटिस चस्पा किया गया, लेकिन करीब एक माह बीतने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
रहवासियों का कहना है कि पुलिस ने कार्रवाई की जिम्मेदारी नगर निगम पर डाल दी, जबकि निगम की ओर से भी कोई कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने बिल्डर से भी पेंटहाउस हटाने और आरोपी से डील रद्द करने की मांग की, लेकिन बिल्डर ने साफ इनकार कर दिया।
बिल्डर पर राजनीतिक संरक्षण के आरोप, रहवासी फिर करेंगे विरोध
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित बिल्डर का कार्यालय फूटी कोठी क्षेत्र में है और वह मेयर के करीबी बताए जा रहे हैं। यही वजह बताई जा रही है कि नगर निगम के अधिकारी कार्रवाई से बच रहे हैं। फिलहाल मामला ठंडे बस्ते में नजर आ रहा है।
स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। साथ ही पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री को भेजने की भी तैयारी है। संबंधित बिल्डिंग नगर निगम के जोन-22 में आती है।
ये खबर भी पढ़ें…
इंदौर- इंजीनियर को कार से कुचला, VIDEO:सोसाइटी में पति के सामने मर्डर, 2 बच्चों की मां थीं
मध्य प्रदेश के इंदौर में पेंटहाउस किराए पर देने के विवाद में एक शख्स ने कार से एक महिला को कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक महिला का नाम शंपा पाठक पांडे है। वह इंफोसिस में सॉफ्टेवयर इंजीनियर थीं। 13 मार्च को दो बच्चों और पति के साथ अपने फ्लैट में शिफ्ट हुई थीं। यहां पढ़ें पूरी खबर…