बुरहानपुर में ताप्ती नदी के अंधारवाड़ी घाट से गुरुवार को 60 वर्षीय एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। नेपानगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान नेपानगर के मनोज टॉकिज निवासी रामू पिता किशना कहार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, रामू मछली पकड़ने के लिए नदी में गया था और संभवतः इसी दौरान डूबने से उसकी मौत हो गई। नेपानगर थाना प्रभारी ज्ञानू जायसवाल ने बताया कि गुरुवार दोपहर ताप्ती नदी के अंधारवाड़ी घाट पर शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नहीं लग रहा है, क्योंकि मृतक अक्सर मछली पकड़ने के लिए ताप्ती नदी पर जाया करता था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।
Source link