मधेपुरा के सिंहेश्वर मंदिर न्यास परिसर में प्रस्तावित विकास योजनाओं के मार्ग में आ रही बाधाओं को दूर करते हुए प्रशासन ने गुरुवार को अतिक्रमण हटाया। मंदिर परिसर के समुचित विकास के लिए फूड कोर्ट, धर्मशाला और आधुनिक मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण की योजना पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है। नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने का निर्देश इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन द्वारा संबंधित लोगों को पूर्व में विधिवत नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए भूमि को खाली कराया गया। अभियान के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि प्रस्तावित निर्माण कार्य के लिए भूमि पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त हो। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे पूरी कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी अधिकारियों का कहना है कि योजना पूरी होने के बाद मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही, स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर कुछ स्थानीय दुकानदारों ने नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि बिना पर्याप्त पूर्व सूचना दिए ही उनकी दुकानों को तोड़ दिया गया। एक दुकानदार ने बताया कि बुधवार को जेसीबी से करीब 50 हजार रुपये मूल्य का सामान नष्ट हो गया। उन्होंने कहा कि पिता चार महीना से बीमार थे। उनका निधन हो गया। दुकान बंद थी और हाल ही में पूंजी लगाकर नया सामान लाया गया था, लेकिन अतिक्रमण हटाने के दौरान पूरी दुकान क्षतिग्रस्त कर दी गई। विकास योजनाओं में सहयोग करें की अपील जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे विकास योजनाओं में सहयोग करें और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से बचें। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अतिक्रमण के विरुद्ध इसी तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Source link