बेतिया के हरिवाटिका शिव मंदिर प्रांगण में सीताराम सेवा समिति द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीराम कथा का शुभारंभ 23 अप्रैल की शाम को विधिवत रूप से हुआ। पूज्य प्रेमभूषण जी महाराज के शिष्य एवं विख्यात कथावाचक पूज्य राजन जी महाराज ने दीप प्रज्ज्वलन, पंचदेव पुष्पार्पण और व्यासपीठ की आराधना के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर परिसर में भक्तिमय वातावरण छा गया और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के यजमान और समिति के अध्यक्ष जितेंद्र तिवारी ने पंचदेव, व्यासपीठ और कथावाचक की आरती कर आशीर्वाद लिया। स्वागत समारोह में महापौर गरिमा देवी सिकारिया, कोषाध्यक्ष अमरेंद्र तिवारी और सचिव कुंदन शांडिल्य ने व्यासपीठ पर पुष्पांजलि अर्पित कर महाराज जी का अभिनंदन किया। अतिथियों ने इस आयोजन को समाज में धार्मिक जागरूकता और नैतिक मूल्यों के प्रसार का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। श्रीराम के आदर्श, जीवन और मर्यादा का वर्णन किया कथा के प्रथम दिवस पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं, युवक-युवतियां और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। राजन जी महाराज ने अपने प्रवचन में श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा और भक्ति की महिमा का प्रभावशाली वर्णन किया। कथा के दौरान प्रस्तुत भोजपुरी भजनों और संगीतमय प्रवचनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह श्रीराम कथा अगले सात दिनों तक प्रतिदिन शाम को आयोजित की जाएगी। इसमें धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिकता से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का विस्तारपूर्वक वर्णन किया जाएगा। समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का लाभ लेने की अपील की है।
Source link