रजरप्पा स्वर्ण लूट कांड का मास्टरमाइंड अरेस्ट:भारत सरकार लिखे गाड़ी से आभूषण बरामद, ट्रॉली बैग में छिपा कर रखा था




नालंदा पुलिस ने रजरप्पा (झारखंड) में एक स्वर्ण व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना का खुलासा करते हुए हरनौत क्षेत्र से भारी मात्रा में लूटे गए आभूषण बरामद किए हैं। इस संयुक्त कार्रवाई में रजरप्पा और हरनौत थाना की पुलिस ने कांड के मास्टरमाइंड विभाष पासवान उर्फ मृगेन्द्र पासवान के ठिकानों पर छापेमारी की, जिसके बाद उसके बहनोई मनीष पासवान की निशानदेही पर पुलिस को सफलता हाथ लगी। पुलिस ने मनीष पासवान के पास मौजूद एक सफेद रंग की अर्टिगा कार (BR01JA6449) की तलाशी ली, जिस पर पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगा हुआ था। इसी कार के भीतर रखे एक ब्राउन रंग के ट्रॉली बैग से सोने और चांदी के ढेरों आभूषण बरामद किए गए। 20 प्रकार के कीमती जेवरात शामिल सदर डीएसपी-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि बरामद सामानों में 52 पीस बाला, 16 पीस कान के करनफल, 12 पीस चम्मच, 6 पीस हार, मंगलसूत्र, नथिया, लॉकेट, मुंगा मोती का हार, ब्रेसलेट, चांदी की चरण पादुका और एक छोटा शिवलिंग सहित कुल 20 प्रकार के कीमती जेवरात शामिल हैं। पुलिस ने इस मामले में मनीष पासवान के साथ-साथ दो महिलाओं, रीना देवी और चन्द्रावती देवी को भी गिरफ्तार किया है, जो बेना थाना क्षेत्र के सलेमपुर की निवासी हैं और वर्तमान में हरनौत रेलवे कॉलोनी के क्वार्टर में रह रही थीं। पुलिस के अनुसार ये महिलाएं भी गैंग से जुड़ी हैं और अन्य आपराधिक कांडों में संलिप्त रही हैं। फिलहाल पुलिस फरार चल रहे मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *