चंडीगढ़ में कारोबारी से 2 करोड़ की रंगदारी की मांग:गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया, वॉट्सऐप पर वॉयस नोट भेजकर डराया, कारोबारी,बिल्डर और कलाकार निशाने पर




चंडीगढ़ में एक कारोबारी को विदेशी नंबर से कॉल कर 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। कॉल करने वाले ने खुद को बंबीहा गैंग से जुड़ा गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में इमिग्रेशन कंपनी चलाने वाले कारोबारी करण सिंह को यह धमकी भरी कॉल आई। कॉल करने वाले ने न केवल रंगदारी की मांग की, बल्कि कारोबारी के घर, ऑफिस, आने-जाने के रास्तों और परिवार के सदस्यों तक की पूरी जानकारी होने का दावा भी किया, जिससे पीड़ित और उसका परिवार दहशत में आ गया। वॉट्सऐप पर वॉयस नोट भेजकर डराया आरोपी ने कारोबारी को डराने के लिए वॉट्सऐप के जरिए कई वॉयस नोट भेजे। इन वॉयस नोट्स में उसने साफ तौर पर कहा कि 2 करोड़ रुपये हर हाल में देने होंगे, नहीं तो अंजाम बेहद गंभीर होंगे। आरोपी ने खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए कारोबारी की रेकी होने का भी दावा किया और कहा कि उसके घर, ऑफिस और रोजाना के मूवमेंट की पूरी जानकारी उनके पास है। इससे कारोबारी और उसका परिवार काफी घबरा गया। धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसी दौरान, जब पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी, आरोपी की दोबारा कॉल आ गई। यह कॉल पुलिस टीम के सामने ही रिसीव की गई, जिसमें आरोपी ने फिर से पैसे देने का दबाव बनाया और पहले दी गई धमकियों को दोहराया। पुलिस ने इस कॉल को गंभीरता से लेते हुए तुरंत तकनीकी जांच शुरू कर दी। मौके पर ही कॉल से जुड़े अहम इनपुट नोट किए गए और नंबर की डिटेल्स खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। अब साइबर सेल की मदद से वॉट्सऐप कॉल और वॉयस नोट्स की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि आरोपी की लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा सके। साइबर सेल कर रहा विदेशी नंबर ट्रेस पुलिस ने कारोबारी की शिकायत पर मामला दर्ज करते ही जांच को कई स्तरों पर आगे बढ़ा दिया है। सबसे पहले आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कॉल किस लोकेशन से की गई और इससे पहले या बाद में किन-किन नंबरों से संपर्क हुआ है। इसके साथ ही वॉट्सऐप कॉल और भेजे गए वॉयस नोट्स की भी तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे आरोपी की डिजिटल गतिविधियों का सुराग मिल सके। क्योंकि कॉल विदेशी नंबर से आई है, इसलिए मामले को और गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल की टीम को जांच में शामिल किया गया है। साइबर एक्सपर्ट्स इंटरनेशनल गेटवे, इंटरनेट प्रोटोकॉल (आईपी) एड्रेस और वर्चुअल नंबर की डिटेल्स को ट्रेस करने में जुटे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कॉल वास्तव में किस देश या सर्वर से की गई। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी ने कॉल करने के लिए वीओआईपी (VoIP) या किसी फर्जी एप का इस्तेमाल तो नहीं किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तकनीकी सर्विलांस के जरिए आरोपी की लोकेशन और नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। जरूरत पड़ने पर संबंधित एजेंसियों और टेलीकॉम कंपनियों से भी जानकारी मांगी जा सकती है। कारोबारी, बिल्डर और कलाकार निशाने पर ट्राईसिटी में पिछले कुछ समय से कारोबारी, बिल्डर और कलाकार लगातार गैंगस्टरों के निशाने पर आ रहे हैं। रंगदारी मांगने के मामलों में तेजी आई है, जिससे व्यापारियों में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। कई मामलों में गैंगस्टर न केवल फोन कॉल के जरिए धमकी दे रहे हैं, बल्कि पीड़ितों की निजी जानकारी साझा कर उन्हें मानसिक रूप से दबाव में लेने की कोशिश भी कर रहे हैं। अगर पिछले मामलों पर नजर डालें तो सामने आता है कि गैंगस्टर अलग-अलग तरीकों से लोगों को टारगेट कर रहे हैं। लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर हैरी बॉक्सर ने एक प्रोडक्शन फर्म संचालक लवप्रीत सिंह से 2 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इस दौरान आरोपी ने पीड़ित की निजी जानकारी साझा कर डर का माहौल बनाया था, ताकि वह जल्द पैसे देने के लिए मजबूर हो जाए। इसी तरह 13 नवंबर 2025 को बंबीहा गैंग से जुड़े डोनी बल ने सेक्टर-37 के एक शराब कारोबारी को कॉल कर 1 करोड़ रुपये की मांग की थी। इस केस में भी आरोपी ने साफ तौर पर जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। सेक्टर-37 के ही एक अन्य कारोबारी लोहित बंसल को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य की ओर से 20 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। आरोपी ने पैसे न देने पर हत्या की धमकी दी थी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। वहीं सेक्टर-21 में एक बिल्डर के घर पर फायरिंग करवाने का मामला भी सामने आया था। फायरिंग के जरिए दहशत फैलाने के बाद आरोपियों ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी, जिससे साफ है कि गैंगस्टर अब धमकी के साथ-साथ हिंसक वारदातों को भी अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में 20 मार्च 2026 को सेक्टर-9 के एक सैलून मालिक को भी बंबीहा गैंग से जुड़े लक्की पटियाल के नाम पर 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए धमकाया गया था। इस मामले में भी आरोपी ने फोन कॉल और मैसेज के जरिए दबाव बनाने की कोशिश की थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *