13 महीने से राधाकिशनपुरा में चौड़ाईकरण का काम अधूरा:लोगों ने अंडरपास जाम किया,बोले-डेडलाइन नहीं मिलने तक यहीं बैठे रहेंगे




सीकर के राधाकिशनपुरा इलाके में 13 महीने से सड़क के चौड़ाईकरण का काम जारी है। टूटी सड़कों और पूरे दिन उड़ती धूल से परेशान लोगों ने आज 9 बजे से राधाकिशनपुरा अंडरपास को जाम कर दिया है। जो बीच सड़क बैठे हुए हैं। लोगों का कहना है कि जब तक डेडलाइन नहीं मिलेगी तब तक यही बैठे रहेंगे। जाम की सूचना मिलने पर उद्योग नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। धरने पर बैठे दिनेश ने बताया राधाकिशनपुरा इकलौता ऐसा एरिया है जहां सड़क को 40 फीट चौड़ा करने के लिए लोगों ने खुद अपने मकान के हिस्सों को तोड़ा। इसके बावजूद यहां काम एकदम ढीला पड़ा है। ठेकेदार भी अपनी मनमानी करते हैं। जब चाहे काम शुरू करते हैं और जब चाहे रोक देते हैं। पूरे दिन धूल उड़ती रहती है। जिससे कई लोगों को एलर्जी तक हो चुकी है। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। धरने पर बैठे विकास ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को अवगत भी करवाया गया लेकिन वह लोग जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालते रहते हैं। इसलिए जब तक हमें काम की डेडलाइन नहीं मिल जाती तब तक यहीं बैठे रहेंगे। बता दें कि सीकर में राधाकिशनपुरा एरिया में सड़क के 40 फीट चौड़ीकरण के लिए पिछले करीब 13 महीने से काम जारी है। इस एरिया की आबादी करीब 30 हजार के लगभग है। यह रास्ता शहर को आरटीओ ऑफिस से जोड़ने वाला रास्ता है। लेकिन काम चलने की वजह से लोगों को करीब 7 से 8 किलोमीटर लंबा चक्कर लगाने के बाद आरटीओ ऑफिस पहुंचना पड़ता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *