मानसा में आंधी-बारिश से गेहूं की फसल को नुकसान:झुनीर, सरदूलगढ़ में ओलावृष्टि; किसानों ने सरकार से की मुआवजे की मांग




मानसा जिले में देर शाम तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं की पक्की फसल को भारी नुकसान हुआ है। झुनीर, सरदूलगढ़ और मानसा सहित कई क्षेत्रों में हुई इस प्राकृतिक आपदा से किसान चिंतित हैं। किसानों ने पंजाब सरकार से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है। जिले के कस्बा झुनीर और सरदूलगढ़ में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे गेहूं की फसल को सीधा नुकसान पहुंचा। वहीं, मानसा और अन्य क्षेत्रों में तेज बारिश और आंधी के कारण गेहूं की फसल खेतों में गिर गई, जिससे कटाई से पहले ही बड़ा नुकसान हो गया। किसानों जगदेव सिंह, हरपाल सिंह और राजेश कुमार ने बताया कि तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने उनकी पक्की हुई गेहूं की फसल को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने इसे ‘कुदरत की दोहरी मार’ बताया, क्योंकि बीते दिनों में भी बारिश के कारण फसल को नुकसान हुआ था। किसानों ने पंजाब सरकार से अपील की है कि मानसा जिले में गेहूं की फसल को हुए बड़े नुकसान का तुरंत आकलन (गिरदावरी) कराया जाए। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने की घोषणा करने की मांग की है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *