पूर्णिया में पुलिस मेंस एसोसिएशन चुनाव के नतीजों का ऐलान:अध्यक्ष पद पर राज कुमार चौधरी की जीत, बाकी सभी पदों पर निर्विरोध चुने गए उम्मीदवार




पूर्णिया में बिहार पुलिस मेंस एसोसिएशन के चुनाव के नतीजों का ऐलान हो गया है। अध्यक्ष पद को छोड़कर बाकी सभी पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और पुलिसकर्मियों की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। नतीजों के बाद पुलिस लाइन में उत्साह का माहौल है और विजयी उम्मीदवारों को बधाई देने का सिलसिला जारी है। जवानों ने फूल-मालाओं और मिठाई के साथ जीत का जश्न मनाया। इस बार अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला हुआ। कुल 445 पुलिस कर्मियों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जिनमें से 2 वोट रद्द कर दिए गए। मतगणना के बाद भवानीपुर थाना के थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राज कुमार चौधरी ने 293 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंदी एसआई वीरेंद्र सिंह को 150 वोट मिले। इस तरह राज कुमार चौधरी ने स्पष्ट अंतर से अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया और अब वे पूर्णिया शाखा के नए अध्यक्ष होंगे। एसआई अजय कुमार गुप्ता संयुक्त सचिव बने अध्यक्ष पद को छोड़कर अन्य सभी पदों पर केवल एक-एक उम्मीदवार होने के कारण उन्हें निर्विरोध विजेता घोषित किया गया। उपाध्यक्ष-1 के पद पर एसआई राज किशोर सिंह का चयन हुआ है। सचिव पद की जिम्मेदारी एसआई नितेश यादव को मिली है, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर एसआई विवेक कुमार निर्वाचित हुए हैं। संयुक्त सचिव पद पर एसआई अजय कुमार गुप्ता को चुना गया है। यह चुनाव वरिष्ठ पदाधिकारियों की निगरानी में पूरी पारदर्शिता और शांति के साथ संपन्न कराया गया। चुनाव प्रक्रिया के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे पूरे चुनाव में किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति नहीं बनी। सबको साथ लेकर चलेंगे नवनिर्वाचित अध्यक्ष राज कुमार चौधरी ने कहा कि वे पुलिस कर्मियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा। उन्होंने संगठन को और मजबूत बनाने और सभी सदस्यों को साथ लेकर चलने की बात कही। चुनाव के बाद पुलिस लाइन परिसर में खुशी का माहौल है। सहयोगियों और साथी पुलिसकर्मियों ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई दी और उम्मीद जताई कि नई टीम संगठन को और सक्रिय तथा प्रभावी बनाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *