तीन दिन से गैस के लिए जद्दोजहद:रीवा में सोमवार को भी लंबी लाइन लगी, खाली हाथ लौट रहे उपभोक्ता, प्रशासन बोला—स्टॉक पर्याप्त




रीवा जिले के मनगवां क्षेत्र में रसोई गैस को लेकर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। शुक्रवार, शनिवार और रविवार से हालात बिगड़े हुए हैं, जहां गैस सिलेंडर लेने के लिए सैकड़ों लोग लंबी कतारों में खड़े नजर आए। लगातार तीन दिनों से सुबह से ही महिलाएं, बुजुर्ग और पुरुष एजेंसियों के बाहर लाइन लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से गैस की सप्लाई प्रभावित है, जिससे घरेलू कामकाज पर असर पड़ा है। कई घरों में चूल्हा जलाना मुश्किल हो गया है, वहीं लोग लकड़ी और अन्य पारंपरिक साधनों का सहारा लेने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द राहत देने की मांग की है। प्रशासन का कहना है पर्याप्त स्टॉक मौजूद
हालांकि, इस पूरे मामले में प्रशासन का कहना है कि गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई भी नियमित रूप से की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, किसी प्रकार की कमी नहीं है, बल्कि एक साथ अधिक संख्या में उपभोक्ताओं के पहुंचने के कारण अस्थायी रूप से भीड़ की स्थिति बन रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अपनी निर्धारित तिथि के अनुसार ही सिलेंडर लेने पहुंचें। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रहे ईरान-इजराइल संघर्ष को लेकर भी लोगों के बीच चर्चा है, हालांकि प्रशासन ने इसे स्थानीय सप्लाई से जुड़ी समस्या नहीं माना है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *