किशनगंज में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने रविवार को सदर थाना का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के संधारण, लंबित कांडों की स्थिति और विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का गहन जायजा लिया।थाना परिसर में पहुंचते ही एसपी ने सबसे पहले साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए और कहा कि थाना आने वाले आम नागरिकों को साफ-सुथरा माहौल मिलना चाहिए।इसके बाद, उन्होंने थाना अभिलेख शाखा का अवलोकन किया। सभी महत्वपूर्ण दस्तावेजों, रजिस्टरों और डायरी का बारीकी से मुआयना किया गया। लंबित प्रकरणों की फाइलें खुलवाकर उनकी वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। किशनगंज अंचल कार्यालय और यातायात थाना का भी भ्रमण किया पुलिस अधीक्षक ने थाना अध्यक्ष और संबंधित अधिकारियों से लंबित मामलों के निष्पादन में आ रही दिक्कतों की जानकारी ली। उन्होंने इन मामलों को शीघ्र निपटाने के सख्त निर्देश दिए, यह सुनिश्चित करते हुए कि कोई भी कांड लंबित न रहे और जांच की गुणवत्ता बनी रहे।निरीक्षण के क्रम में, एसपी संतोष कुमार ने किशनगंज अंचल कार्यालय और यातायात थाना का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने यातायात व्यवस्था, वाहन चेकिंग, सड़क सुरक्षा और जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा की।आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, यातायात पुलिस को अधिक सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक मैनेजमेंट में पारदर्शिता बरती जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनसेवा – पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संबंधित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनसेवा है। उन्होंने हर अधिकारी-कर्मचारी को तत्परता, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोपरि रखकर काम करने पर जोर दिया।उन्होंने यह भी कहा कि थाना आम नागरिकों का आखिरी सहारा होता है, इसलिए यहां आने वाले हर व्यक्ति को त्वरित और निष्पक्ष मदद मिलनी चाहिए। एसपी ने सुरक्षा प्रबंधन को और मजबूत करने, गश्त बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए।
Source link