जालंधर के न्यू दशमेश नगर में शराब के ठेके पर मात्र 10 रुपये की ओवररेटिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि शराब के दाम ज्यादा वसूलने का विरोध करने पर ठेकेदार और एक्साइज विभाग के कथित कर्मियों ने ग्राहकों पर लाठियों से हमला कर दिया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और स्थानीय लोगों ने ठेके को स्थायी रूप से बंद करने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। 10 रुपये की ओवररेटिंग के बाद हमला सन्नी धवन और कमल नामक दो युवकों पर न्यू दशमेश नगर में जानलेवा हमला हुआ। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि ठेके पर निर्धारित मूल्य से 10 रुपये अधिक मांगे जा रहे थे। जब इसका विरोध किया गया, तो विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते एक्साइज विभाग की गाड़ी में सवार होकर आए कुछ लोग डंडों से लैस होकर वहां पहुंचे और ग्राहकों पर हमला कर दिया। इस हमले में सन्नी और कमल बुरी तरह घायल हो गए और उनकी एक्टिवा भी तोड़ दी गई। पीड़ित महिला ने मांग की है कि उनके पति पर हुए हमले के दोषियों को सजा मिले और वाहन के नुकसान की भरपाई की जाए। अवैध ठेकों से परेशान हैं इलाके के लोग घटना के बाद गुस्साए मोहल्ला निवासियों ने ठेके के बाहर प्रदर्शन किया। लोगों ने गंभीर आरोप लगाए हैं कि इलाके में एक ही लाइसेंस पर दो-दो ठेके अवैध रूप से चलाए जा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सुबह 7 बजे से ही यहां शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे महिलाओं और बच्चों का निकलना दूभर हो गया है। पहले भी कई बार राजनीतिक दलों और स्थानीय लोगों ने इस ठेके को बंद करवाने के लिए शिकायतें की थीं, लेकिन प्रशासन की ढिलाई के कारण कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। देर रात तक चला हंगामा हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जब ठेकेदार ठेका बंद कर भागने की कोशिश कर रहा था, तो आक्रोशित भीड़ ने उसकी चाबियां छीनने का प्रयास किया। पुलिस ने बीच-बचाव कर ठेकेदार को वहां से सुरक्षित निकाला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायलों की एमएलआर रिपोर्ट आने के बाद और दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, पीड़ित परिवार ने चेतावनी दी है कि यदि ठेका स्थायी रूप से बंद नहीं हुआ तो वे उग्र प्रदर्शन करेंगे।
Source link