मधेपुरा के BNMU में सीनेट चुनाव मतगणना शुरू:14 पदों के लिए 95% हुई वोटिंग, उम्मीदवार और समर्थकों में उत्साह




मधेपुरा के बीएन मंडल विश्वविद्यालय में सोमवार को सीनेट सदस्य चुनाव की मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना कराई जा रही है। चुनाव संचालन समिति ने मतगणना कार्य के लिए पदाधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी है। कुलसचिव सह निर्वाची पदाधिकारी प्रो. अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सभी कॉलेजों से प्राप्त मतपेटियों को ऑडिटोरियम हॉल में बनाए गए बज्रगृह में सुरक्षित रखकर सील किया गया था। सोमवार को सुबह 11 बजे से मतगणना शुरू हुई। मतगणना कक्ष में केवल उम्मीदवार और उनके अधिकृत काउंटिंग एजेंट को ही प्रवेश की अनुमति दी गई। उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में काफी उत्साह मतगणना को लेकर उम्मीदवारों और उनके समर्थकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। सभी अपने-अपने स्तर पर जीत-हार का आकलन कर रहे हैं, वहीं कई उम्मीदवार अपनी जीत को लेकर आश्वस्त भी नजर आ रहे हैं। इस बार के चुनाव में एक उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं। ग्रुप ए के अनुसूचित जाति कोटे से इतिहास विभाग के अमरेंद्र कुमार एकमात्र उम्मीदवार थे, जिसके कारण उनकी जीत तय मानी जा रही है। उनकी औपचारिक घोषणा मात्र शेष है। वहीं ग्रुप ए के सामान्य कोटि में एक पद के लिए अनिल कुमार और आनंद कुमार सिंह के बीच सीधा मुकाबला है। ग्रुप बी के अनुसूचित जाति कोटे में एक पद के लिए कपिलदेव कुमार पासवान, नानतून पासवान, वरुण कुमार और सुभाष चंद्र राम के बीच टक्कर है। सामान्य कोटि की दो सीटों के लिए दस उम्मीदवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा इसी तरह ग्रुप बी के अन्य पिछड़ा वर्ग कोटे में दो पदों के लिए अभय कुमार, कुमारी सीमा, मिथिलेश कुमार, शेफालिका शेखर और सुरेश कुमार निराला मैदान में हैं। ग्रुप बी के सामान्य कोटि में पांच पदों के लिए सात उम्मीदवार अजय कुमार, दीपक कुमार राणा, निजामुद्दीन अहमद, प्रत्यक्षा राज, संजीव कुमार झा, संजीव शंकर सिंह और सुधांशु शेखर के बीच मुकाबला है। ग्रुप सी के अन्य पिछड़ा वर्ग में एक पद के लिए अरविंद कुमार राय, चंद्र प्रकाश यादव, मनोज कुमार और शिव कुमार यादव चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा ग्रुप सी के सामान्य कोटि की दो सीटों के लिए दस उम्मीदवारों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा है। इनमें अरविंद कुमार यादव, गोपी कृष्ण मिश्र, जय प्रकाश झा, दीपक कुमार सिंह, नंद किशोर प्रसाद, नूर जहां बेगम, बबीता कुमारी, मो. समीउल्लाह, सत्येंद्र नारायण यादव और सत्य नारायण प्रसाद यादव शामिल हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि इनमें से किन उम्मीदवारों के सिर जीत का ताज सजता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *