अमृतसर में पुलिस थाना निशाने पर:राजासांसी में संदिग्ध ग्रेनेड धमाका, आधिकारिक पुष्टि नहीं; इलाके में बढ़ी सुरक्षा




अमृतसर के राजासांसी हलके के गांव भिंडी सैदा स्थित थाना परिसर में बीती रात जोरदार धमाका होने की खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, दो अज्ञात मोटरसाइकिल सवारों ने थाना के पिछले गेट के पास दो हैंड ग्रेनेड फेंके, जिससे तेज विस्फोट हुआ। हालांकि, पुलिस ने इस घटना की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि धमाके वाली जगह पर बने गड्ढों को मिट्टी डालकर भर दिया गया है और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। वर्तमान में थाना का मुख्य गेट अंदर से बंद कर दिया गया है और किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। बताया जा रहा है कि जल्द ही एसएसपी या अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच सकते हैं। पूरे इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस की गतिविधियां बढ़ गई हैं। इससे पहले भी हुआ था धमाका यह पहली बार नहीं है जब अमृतसर क्षेत्र में पुलिस प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया है। इससे पहले 29 नवंबर 2024 को गुरबख्श नगर (अमृतसर) में एक पुलिस चौकी के पास धमाका हुआ था, जिसे शुरुआत में सामान्य घटना बताया गया था। इसके बाद 4 दिसंबर 2024 को मजीठा थाना (अमृतसर) में भी जोरदार धमाका हुआ, जिससे खिड़कियां तक टूट गईं। इस घटना को भी पहले “टायर फटने” की बात कहकर टालने की कोशिश की गई थी, लेकिन बाद में ग्रेनेड हमले का संदेह सामने आया। 2024 से अब तक 16 हमले हुए वर्ष 2025 में पूरे पंजाब में पुलिस स्टेशनों और चौकियों पर ग्रेनेड हमलों की कई घटनाएं दर्ज की गईं, जिन्हें कानून-व्यवस्था के लिए एक बड़ा खतरा माना गया। अप्रैल 2025 में अमृतसर में पुलिस ने एक ग्रेनेड हमले की बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए हथियार और ग्रेनेड बरामद किए थे। सितंबर 2024 से लेकर 2025 तक लगभग 16 ग्रेनेड/हमले जैसे मामले सामने आए हैं। जांच में सामने आया कि इनमें से कई मामलों में विदेशी, खासकर पाकिस्तान आधारित नेटवर्क और आतंकी संगठनों की भूमिका थी। मार्च 2025 में अमृतसर में एक मंदिर पर भी ग्रेनेड हमला हुआ था, जिसे एक बड़े नेटवर्क से जुड़ा बताया गया था। हाल ही में 2026 में पुलिस ने एक आईईडी बरामद कर एक बड़े हमले को टाल दिया, जो इस बात का संकेत है कि खतरा अभी भी जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *