सीतापुर के मिश्रिख कस्बे में एक दर्दनाक हादसे में मजदूर की जर्जर छत गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर घायल हो गया। घटना कस्बे के आंट मोहल्ले की बताई जा रही है, जहां मजदूरी करने गए श्रमिकों के साथ यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, आंट निवासी 50 वर्षीय प्रताप सुबह करीब 10 बजे अपने घर से श्रीनारायण के मकान पर मजदूरी करने गया था। वहां पुरानी छत को तोड़ने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी छत भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे दबकर प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि मौके पर मौजूद अन्य लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। इस हादसे में आंट निवासी रामरूप भी घायल हो गया, जिसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से मिश्रिख सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया। तहसीलदार अजीत जायसवाल और लेखपाल अंशु ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। मृतक प्रताप अपने पीछे पत्नी और 14 वर्षीय बेटी को छोड़ गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य बताई जा रही है और प्रताप ही घर का मुख्य कमाने वाला सदस्य था। उसकी अचानक मौत से परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान की छत काफी जर्जर थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link