BJP की महिला नेता को लेकर सोशल मीडिया पर टिप्पणी:भागलपुर में पुलिस से की शिकायत, कहा- आरोपी की जल्द गिरफ्तारी हो; आंदोलन की दी चेतावनी




भागलपुर में सोशल मीडिया पर भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं को लेकर पोस्ट हुआ। इसको लेकर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता गोस्वामी के नेतृत्व में आज कार्यकर्ताओं ने महिला थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि फेसबुक के माध्यम से भाजपा से जुड़ी महिलाओं के बारे में अभद्र, अपमानजनक और अशोभनीय टिप्पणी की गई, जिससे उनके सम्मान को ठेस पहुंची है। इस तरह की पोस्ट न केवल व्यक्तिगत मर्यादा का उल्लंघन है, बल्कि सामाजिक माहौल को भी दूषित करने का प्रयास है। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुनीता गोस्वामी ने बताया कि आरोपी की पहचान नाथनगर निवासी अमित आर्यन के रूप में की गई है, जो कथित रूप से आरजेडी समर्थक बताया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित व्यक्ति पहले भी इस तरह की विवादित और आपत्तिजनक पोस्ट करता रहा है, जिससे समाज में गलत संदेश जाता है। आंदोलन की दी चेतावनी सुनीता गोस्वामी ने प्रशासन को सख्त रूप अपनाते हुए कहा कि यदि जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगी। महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। वहीं, महिला मोर्चा की जिला महामंत्री प्रीति श्रीवास्तव ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह की भाषा का प्रयोग समाज के लिए घातक है और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई इस तरह की हरकत करने का साहस न कर सके। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आवेदन ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *