रामपुर में रामगंगा नदी में युवक डूबा:24 घंटे से रेस्क्यू जारी, अब तक नहीं मिला सुराग, गोताखोरों की मदद से तलाशी




रामपुर में रामगंगा नदी एक बार फिर हादसे की गवाह बनी है। थाना शाहबाद क्षेत्र के ढकुरिया गांव के पास सोमवार को नहाने गए पांच दोस्तों में से एक युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है। मोहल्ला खटपुर निवासी 20 वर्षीय मोइस उर्फ मोनू अपने चार दोस्तों के साथ रामगंगा नदी किनारे पहुंचा था। बताया जा रहा है कि सभी युवक नहाने लगे, तभी अचानक मोइस गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे। शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही शाहबाद प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं एसडीएम हिमांशु उपाध्याय और तहसीलदार अमित कुमार सिंह भी प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। तत्काल स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया, लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिली। प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करते हुए एक प्लाटून पीएसी को भी मौके पर तैनात किया है। करीब एक दर्जन स्थानीय गोताखोर और बाढ़ नियंत्रण दस्ता भी लगातार नदी में युवक की तलाश में जुटा हुआ है। बावजूद इसके अब तक युवक का कोई पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन का कहना है कि जब तक युवक का पता नहीं चल जाता, तब तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *