प्रतापगढ़ में बोलेरो डंपर से टकराई, एक की मौत:दो गंभीर घायल, प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर




प्रतापगढ़ के कोहंडौर इलाके में प्रयागराज-अयोध्या हाईवे पर एक सड़क हादसे में बोलेरो सवार एक युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा मकूनपुर के पास एक पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। कोहंडौर के हरदोई निवासी मक्खन उपाध्याय अपने साथी सिकरी, कानपुर निवासी राजा पांडेय (35 वर्षीय, पुत्र ननकऊ) और धरौली के गोलू वर्मा के साथ बोलेरो से एक निजी होटल में खाना खाने गए थे। देर रात करीब 12:30 बजे खाना खाकर लौटते समय उनकी बोलेरो मकूनपुर पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े एक डंपर ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक गड्ढे में जा गिरी और पेड़ से टकरा गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को वाहन से बाहर निकाला, लेकिन तब तक राजा पांडेय की मौके पर ही मृत्यु हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गोलू वर्मा तथा मक्खन उपाध्याय को तत्काल राजा प्रताप बहादुर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गोलू वर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने राजा पांडेय के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *