[ad_1]
झालावाड़ में सड़क दुर्घटनाओं और मृत्यु दर को कम करने के लिए पुलिस ने एक नई पहल की है। इसके तहत, खंड्या चौराहा से सुभाष सर्किल तक के सड़क मार्ग को ‘आदर्श ट्रैफिक जोन’ घोषित किया गया है। यह व्यवस्था 1 अप्रैल से शाम 4 बजे से 5 बजे तक लागू रहेगी। एसपी अमित कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटनाएं और उनसे होने वाली मौतें गंभीर चिंता का विषय हैं। आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, जिले में यातायात नियमों की सख्त पालना और जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। रोज 1 घंटे रहेगी विशेष निगरानी
यह पहल एएसपी भागचंद मीणा और डीएसपी हर्षराज सिंह खरेड़ा के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली क्षेत्र में लागू की जाएगी। ‘आदर्श ट्रैफिक जोन’ के तहत 1 अप्रैल से प्रतिदिन शाम 4 बजे से 5 बजे तक खंड्या चौराहा से सुभाष सर्किल तक के मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इस एक घंटे की अवधि में सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करवाया जाएगा। हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने, नो पार्किंग, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोड सवारी और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का लक्ष्य है कि कोई भी लापरवाही करने वाला कार्रवाई से वंचित नहीं रहे। सड़क हादसों में कमी लाने की कोशिश
इस पहल का मुख्य उद्देश्य केवल दंडात्मक कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इससे सड़क दुर्घटनाओं और उनसे होने वाली मृत्यु दर में कमी लाई जा सकेगी। झालावाड़ कोतवाली थानाधिकारी मुकेश मीना ने नागरिकों से अपील की है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन कर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने स्वयं और अन्य लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा इस पहल में सहयोग कर व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाने का आह्वान किया है।
[ad_2]
Source link