ललितपुर कोतवाली सदर क्षेत्र में एक युवक के साथ यूपीआई धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अज्ञात साइबर अपराधियों ने उसके बैंक खातों से 2 लाख 17 हजार रुपए निकाल लिए। पुलिस द्वारा शुरुआती कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसके आदेश के बाद अब कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। महावीरपुरा निवासी उमेश झां ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 फरवरी 2026 को उनके मोबाइल नंबर पर साइबर अपराधियों ने संपर्क किया था। इन अपराधियों ने यूपीआई के माध्यम से धोखाधड़ी करते हुए उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, शाखा सिविल लाइन के दो अलग-अलग खातों से कुल 2 लाख 17 हजार रुपये अपने खातों में स्थानांतरित कर लिए। पीड़ित ने घटना के तुरंत बाद भारत सरकार के साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 10 सितंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक को भी एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अंततः, पीड़ित ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में न्याय की गुहार लगाई। अदालत के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने 3 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link