महोबा में मंगलवार को किराए को लेकर चल रही रंजिश में छात्र को ट्रैक्टर से रौंद दिया। जिससे छात्र की मौत हो गई। 10वीं के छात्र निखिल (16) की ट्रैक्टर से कुचलकर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मामला खरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत पाठा गांव का है। मृतक के पिता धीरज ने आरोप लगाया है कि गांव के ही जगभान यादव ने जानबूझकर उनके बेटे को ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या की है। धीरज के अनुसार, वह रामप्रसाद अहिरवार के खेत में थ्रेसर से मड़ाई का काम कर रहे थे। उनका बेटा निखिल पास में ही सो रहा था। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी जगभान मौके पर पहुंचा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए विवाद करने लगा। कहासुनी बढ़ने पर उसने सो रहे निखिल के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना पिता की आंखों के सामने हुई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि उनके ट्रैक्टर के काम में सफलता के कारण आरोपी उनसे ईर्ष्या रखता था। इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। खरेला थाना प्रभारी नन्हे लाल यादव ने बताया- प्रारंभिक तहरीर मृतक के दादा की ओर से दी गई थी, जिसमें घटना को हादसा बताया गया था। उसी आधार पर मामला दर्ज किया गया। हालांकि, पिता के आरोपों और घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच कर रही। फिलहाल आरोपी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
Source link