टोंक में 2 पक्षों में मारपीट, एयरगन से फायरिंग:ग्रामीणों ने पुलिस पर लगाए मिलीभगत के आरोप; एसपी ने दिए जांच के आदेश




दो पक्षों में मंगलवार को रुपयों के लेनदेन को लेकर हुई मारपीट और एयरगन से फायरिंग के मामले में भगवानपुरा के ग्रामीणों ने अलीगढ़ थाने पहुंचकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने दोनों पक्ष की ओर से मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक गंभीर घायल को जयपुर रेफर किया गया है। ग्रामीणों ने आज बुधवार की दोपहर एसपी को भी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया था। इसमें पीड़ित धर्मराज समेत पंचायत समिति सदस्य फ़ोरू लाल मीणा ने ASI बाबू लाल पर आरोपियों से मिलीभगत और अवैध बजरी खनन करने वाले बजरी माफियाओं से मिलीभगत का आरोप लगाया है। एसपी राजेश कुमार मीना का कहना है कि इस मामले में संबंधित डीएसपी, थाना प्रभारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दस हजार रुपए के कारण दो पक्षों में हुआ विवाद
अलीगढ़ थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया- उनियारा निवासी आकाश गोयल ने भगवानपुरा निवासी धर्मराज मीणा को करीब 40 हजार रुपए के बिल्डिंग मेटेरियल के सामान दिए थे। करीब दस हजार रुपए बाकी है। इसको लेकर दोनों पक्ष में तय हुआ कि धर्मराज दस हजार रुपए के बदले आकाश गोयल को गेहूं का भूंसा (कांकला) देगा। मामले में आकाश गोयल ने चार ट्रैक्टर-ट्रॉली धर्मराज के गांव भेजी और खुद भी एक कार में सात-आठ युवकों के साथ भगवानपुरा धर्मराज के पास पहुंचे। जहां आकाश गोयल की आपसी कहासुनी को लेकर धर्मराज से झगड़ा हो गया। इस दौरान दोनों पक्ष में मारपीट हो गई। इसमें आकाश गोयल समेत दोनों पक्ष के पांच लोगों को अंदरूनी चोटे आई है। इसमें आकाश गोयल को सिर में चोट होने से जयपुर रेफर किया है, जबकि अन्य स्थानीय हॉस्पिटल में इलाज किया गया। धर्मराज का आरोप है कि आकाश गोयल के पक्ष के लोगों की ओर से हवाई फायरिंग की गई थी। हालांकि पुलिस ने आकाश गोयल के पक्ष के लोगों द्वारा एयरगन से हवाई फायरिंग करने की बात कही है। मामले को लेकर एक पक्ष के धर्मराज, पंचायत समिति सदस्य फोरू लाल मीणा समेत अन्य ग्रामीणों ने मंगलवार शाम को अलीगढ़ थाने पहुंचकर आकाश गोयल और अन्य कार सवार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। लेकिन उस दिन मामला दर्ज नहीं किया। एसपी ने दिए कार्रवाई के निर्देश
पंचायत समिति सदस्य फोरू लाल मीणा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें थाने से भगा दिया, जबकि वे क्षेत्र से पंचायत समिति सदस्य होने के नाते धर्मराज के कहने पर थाने गए थे। ऐसे में नाराज होकर भगवानपुरा के पीड़ित लोग एसपी ऑफिस पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर एसपी राजेश कुमार मीना से न्याय की गुहार लगाई। एसपी ने मामले में उनियारा डीएसपी और अलीगढ़ थाना प्रभारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अलीगढ़ थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि इस मामले में आज दोनों पक्ष के लोगों की ओर से एक दूसरे पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *