मुंबई के कारोबारी ने लाखों की पेंटिंग हड़पी:27.50 लाख की पेंटिंग भेजने के बाद नहीं दिया भुगतान, जांच में जुटी पुलिस




अजमेर में कला व्यवसाय से जुड़े एक व्यक्ति के साथ लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस थाना कृष्णगंज थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अजमेर निवासी अल्ताफ खान ने रिपोर्ट दी कि वह पेंटिंग और हैंडीक्राफ्ट का कारोबार करता है। उसके संपर्क में मुंबई के आर्ट एंड हार्ट सेंटर से जुड़े आरोपी किन्नर नायक आया, जिसने पेंटिंग खरीदने के नाम पर भरोसा जीत लिया। शिकायत में बताया गया कि 13 मार्च 2021 को पीड़ित ने प्रसिद्ध कलाकारों की चार पेंटिंग, जिनकी कुल कीमत करीब 27.50 लाख रुपए थी, पार्सल के जरिए मुंबई भेजी। आरोपी ने पेंटिंग बेचकर भुगतान करने का भरोसा दिया, लेकिन न तो पेंटिंग वापस लौटाई और न ही राशि का भुगतान किया।
पीड़ित ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने फोन उठाना बंद कर दिया। बाद में जानकारी मिली कि आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद भी उसने पीड़ित से संपर्क नहीं किया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने धोखाधड़ी की नीयत से पेंटिंग मंगवाई और उन्हें हड़प लिया, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ। इस संबंध में पहले भी पुलिस थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने न्यायालय की शरण ली, जहां से धारा 175(3) बीएनएसएस के तहत आदेश मिलने पर पुलिस ने धारा 61(2), 316(2) व 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच एएसआई स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *