बांसवाड़ा में शराब दुकान को लेकर विवाद:आबकारी अधिकारी पर परेशान करने का आरोप, अधिकारी बोले- नियमानुसार कार्रवाई कर रहे




बांसवाड़ा के छींच में लाइसेंसधारी ने आबकारी विभाग पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए अपनी दुकान की चाबी आबकारी अधिकारी को सौंप दी है। आरोप है कि उन्हें दुकान की लोकेशन की कॉपी नहीं दी जा रही है और उन पर अनुचित दबाव बनाया जा रहा है। मामले को लेकर दुकान मालिक दीपिका कंवर ने बताया- वर्ष 2021-22 में उनके नाम से छींच ग्राम में अंग्रेजी शराब की दुकान आवंटित हुई थी। तब से वह तय नियमों के अनुसार एक ही स्थान पर दुकान का संचालन कर रही हैं और इससे ग्रामीणों को भी कोई परेशानी नहीं हुई। उनका आरोप है कि वर्ष 2026-27 के लिए विभाग ने उनकी पुरानी लोकेशन को यथावत रखने से इनकार कर दिया है। ​जब उन्होंने इस बारे में आबकारी अधिकारी राजीव सिंह से संपर्क किया, तो उन्हें बताया गया कि लोकेशन के खिलाफ शिकायत मिली है, इसलिए नवीनीकरण नहीं किया जा रहा है। दीपिका ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी ने उन्हें मौखिक रूप से बताया कि जब तक सुरेंद्र गुर्जर सहमति नहीं देंगे, तब तक लोकेशन आवंटित नहीं की जाएगी। दीपिका के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से बीमार थीं, इसलिए उन्होंने केवल सहयोग के लिए सुरेंद्र को दुकान चलाने के लिए अनुमति दी थी। ​दीपिका का यह भी आरोप है कि आबकारी अधिकारी उन्हें दूसरी जगह दुकान खोलने के लिए मौखिक आदेश दे रहे हैं, लेकिन कोई लिखित नोटिस जारी नहीं किया जा रहा है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी सुनवाई नहीं होने पर दीपिका ने आबकारी कार्यालय पहुंचकर अधिकारी की टेबल पर दुकान की चाबियां रख दीं और वहां से चली गईं। ​दूसरी ओर, आबकारी अधिकारी राजीव सिंह ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि इस मामले में दीपिका कुंवर के साथ सुरेंद्र गुर्जर सह-अनुज्ञाधारी हैं और दोनों की ओर से विभाग को शिकायतें मिली हैं। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विभाग नियमानुसार कार्रवाई कर रहा है और लोकेशन आवंटन के लिए कोई लिखित पत्र जारी करने का प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि यह दोनों साझेदारों का आपसी विवाद है और चाबी उन्होंने खुद अपनी मर्जी से छोड़ी है, विभाग ने इसकी मांग नहीं की थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *