भोपाल में KCC किस्त के 41.94 लाख कर्मचारियों ने हड़पे:सहकारी समिति के 3 कर्मचारियों पर केस, पुलिस ने शुरू की जांच




भोपाल के ईटखेड़ी इलाके में सहकारी समिति के कर्मचारियों ने किसान क्रेडिट कार्ड की हुई वसूली की रकम करीब 41.94 लाख रुपए हड़प ली। वारदात को समिति के तीन कर्मचारियों ने अंजाम दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीनों कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसआई नवीन वर्मा के मुताबिक रामचरण सिलावट सहकारी समिति ग्राम रायपुर के प्रशासक हैं। उन्होंने पुलिस को लिखित में आवेदन देते बताया कि समिति में तीन कर्मचारी हैं, जिनके नाम हैं मनोज कुमार जाटव, नरेंद्र और मुकेश। यह तीनों कर्मचारी किसानों से लोन की किस्त वसूली का काम देखते हैं। इन तीनों आरोपियों ने किसानों से करीब 41.94 लाख रुपए की वसूली की थी। यह रकम तीनों आरोपियों ने सोसाइटी में जमा नहीं करते हुए खुद हड़प ली है। इस संबंध में समिति कई बार कर्मचारियों को नोटिस देकर रकम जमा करने की बात कह चुकी थी, लेकिन आरोपियों ने पैसे जमा नहीं किए। नहीं हो सकी आरोपियों की गिरफ्तारी प्रशासक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस का कहना है कि अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अब उनके पकड़े जाने के बाद ही आरोपियों से हड़पी हुई रकम को बरामद करने की कार्रवाई की जाएगी। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने कितने किसानों की रकम हड़पी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *