किशनगंज में पुलिस ने सीमावर्ती इलाके में सक्रिय एक बड़े अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य सरगना को अरेस्ट किया है। यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों और प्रमाण पत्रों के आधार पर अवैध तरीके से आधार कार्ड तैयार करने का काम कर रहा था। 2 अप्रैल को टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र के बुलजागिर वार्ड संख्या-5 स्थित एक किराना दुकान में पुलिस ने छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया। गुप्त सूचना मिलने के बाद SP संतोष कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ-2 मंगलेश कुमार के नेतृत्व में साइबर थाना DSP रविशंकर, जिला आसूचना इकाई और टेढ़ागाछ थाना की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। दुकान से फर्जी दस्तावेज-उपकरण बरामद छापेमारी के दौरान दुकान से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज और उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार करीब 400 लोगों से जुड़े आधार कार्ड और उनकी छाया प्रतियां, जमीन से संबंधित कागजात, विभिन्न सरकारी प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, ATM कार्ड, पैन कार्ड और कई मुहरें जब्त की गईं। बरामद उपकरणों में डेल कंपनी का लैपटॉप, मॉनिटर, आईरिस स्कैनर, थंब और फिंगर स्कैनर, कैमरा, रंगीन प्रिंटर और लेमिनेशन मशीन शामिल हैं। इसके अलावा सरपंच के लेटरपैड, सरकारी स्कूल की मुहर, झाला पंचायत के सरपंच की मुहर तथा एयरटेल पेमेंट बैंक और एक्सिस बैंक की मुहर भी बरामद की गई हैं। 104 आधार कार्ड की छाया प्रतियां मिली दस्तावेजों में 104 आधार कार्ड की छाया प्रतियां, 85 केवाला की कॉपी, 43 जमीन रसीद, 12 खतियान और जाति, आवासीय, आय व जन्म प्रमाण पत्रों की प्रतियां शामिल हैं। इस मामले में पुलिस ने बुलजागिर निवासी मनोहर कुमार शर्मा (पिता–सुरेश शर्मा) को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ टेढ़ागाछ थाना कांड संख्या 112/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस गिरोह का नेटवर्क सीमांचल के साथ-साथ पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। संदिग्ध गतिविधि की सूचना डायल 112 पर दें पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई सीमावर्ती क्षेत्रों में फर्जी दस्तावेजों के जरिए पहचान छिपाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम देने वाले तत्वों पर बड़ा प्रहार है। आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112 पर दें। गौरतलब है कि इससे पहले 6 जून 2025 को ठाकुरगंज सर्किल के जियापोखर थाना क्षेत्र के गिलहाबाड़ी में भी पुलिस ने फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाने के आरोप में मोहम्मद अशरफुल को गिरफ्तार किया था। उस दौरान भी पुलिस ने आरोपी के घर से स्कैनर, प्रिंटर, मुहर, नेपाली और भारतीय मुद्रा, लैपटॉप, मोबाइल फोन, एनरोलमेंट स्लिप, रेटीना स्कैनर मशीन और एक चार पहिया वाहन समेत कई सामान बरामद किए थे। जनवरी में UP ATS ने एक आरोपी करे पकड़ा था जनवरी 2026 में उत्तर प्रदेश ATS की चार सदस्यीय टीम ने किशनगंज के ठाकुरगंज थाना पुलिस के सहयोग से फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य अरमान को गिरफ्तार किया था। उसे मुंशीभीट्टा स्थित उसकी दुकान से दबोचा गया। कार्रवाई के दौरान ATS टीम ने आरोपी की दुकान से लैपटॉप, 13 क्लोन थंब, आई और थंब स्कैनर, प्रिंटर, मुहर सहित विभिन्न प्रकार के आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए थे। आरोपी को कांड संख्या 9/2025 के तहत गिरफ्तार किया गया और ट्रांजिट रिमांड पर लेकर टीम उसे उत्तर प्रदेश ले गई। यूपी, पश्चिम बंगाल और दिल्ली तक फैला गिरोह जांच में सामने आया है कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और दिल्ली तक फैला हुआ था। इस संबंध में 18 अगस्त 2025 को ATS थाने में मामला दर्ज किया गया था। अब तक इस मामले में उत्तर प्रदेश से 10 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पश्चिम बंगाल और दिल्ली से भी कई लोगों को पकड़ा जा चुका है।
Source link