सुपौल के इंडो-नेपाल बॉर्डर इलाके स्थित भीमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत समदा चौक के समीप शिवनगर इलाके में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 45वीं वाहिनी वीरपुर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। यह छापेमारी कमानडेंट गौरव सिंह के नेतृत्व में की गई, जिसमें वे स्वयं मौके पर मौजूद रहे और पूरे ऑपरेशन की निगरानी की। SSB ने सूचना मिलने पर चलाया तलाशी अभियान प्राप्त जानकारी के अनुसार, SSB को पिछले कुछ दिनों से इस क्षेत्र में गांजा तस्करी की लगातार गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। चुनाव अवधि के दौरान संदिग्ध गतिविधियों में वृद्धि को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही सतर्क थीं। इसी क्रम में पिछले एक सप्ताह से SSB द्वारा इलाके में गुप्त रेकी की जा रही थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से शिवनगर पहुंचकर सघन तलाशी अभियान चलाया। जवानों ने मकई के खेतों, बांस की झाड़ियों और आसपास के कई संदिग्ध स्थानों की घंटों तक बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान करीब 200 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। हालांकि, इसकी सटीक मात्रा तौल के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। बरामद गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये बताई जा रही है। सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में बढ़ाई निगरानी छापेमारी के दौरान तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे, लेकिन SSB ने पूरे इलाके को घेरकर बड़ी खेप को जब्त कर लिया। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा बलों ने आसपास के इलाकों में निगरानी और सख्त कर दी है। कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि इस बरामदगी के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके। सीमा क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ SSB की यह कार्रवाई एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।
Source link