चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में एक महिला का कंकाल मिला है। इसे घास काटते समय नगर निगम के माली ने इसकी खोपड़ी देखी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कंकाल के पास एक चप्पल पड़ी मिली है, जिससे पुलिस ने कंकाल महिला का होने की संभावना जताई है। फिलहाल, शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसकी पहचान के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है। इसकी सूचना आसपास के थानों में भी दे दी गई है। ऊंची घास में मिला कंकाल जानकारी के अनुसार, नगर निगम के माली के सहायक राजेश कुमार अपने साथी हरप्रीत के साथ इलाके में घास काट रहे थे। इसी दौरान शनिवार सुबह करीब 11 बजे लाइट पॉइंट के पास उन्हें लंबी घास के बीच एक कंकाल पड़ा दिखा। यह खोपड़ी थी। साथ ही कुछ गले अंग भी थे। इसके अलावा मौके पर ही महिला की एक चप्पल दिखाई पड़ी। निगम कर्मी ने इसकी जानकारी फौरन पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस और सीएफएसएल (फॉरेंसिक) टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और पूरे इलाके की जांच की। फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए फोरेंसिक टीम ने मौके से मिली चप्पल, घास और कंकाल के सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए लैब ले जाया गया। इसके बाद पुलिस ने कंकाल को इकट्ठा किया और पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-32 के अस्पताल भेजा है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, जिससे महिला की पहचान और घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि इसके लिए कई सप्ताह के फुटेज खंगालने पड़ सकते हैं, क्योंकि लाश कंकाल बन चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। जल्द ही महिला की पहचान और घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा। गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही पुलिस इसके अलावा पुलिस ने शहर के अन्य थानों में कंकाल मिलने की सूचना दे दी है। साथ ही सभी थानों से पिछले कुछ दिनों में दर्ज हुई महिला या लड़की की गुमशुदगी की रिपोर्ट मांगी गई हैं। इससे पुलिस को महिला की कद-काठी और कपड़ों की डिटेल मिल सकती है, जिससे पहचान में आसानी हो। पुलिस यह पता लगा रही है कि लापता महिलाएं कब घर से गई थीं, जाते समय उन्होंने क्या कपड़े पहने थे? इसके अलावा यह भी देखा जा रहा है कि उन्होंने कोई अंगूठी या अन्य गहने तो नहीं पहने थे, जिससे कंकाल के पास बरामद सामान का मिलान किया जा सके। हालांकि, पुलिस ने यह क्लियर नहीं किया है कि उन्हें कंकाल के पास से क्या-क्या सामान बरामद हुआ है। पुलिस बोली- मिसिंग लोगों का रिकॉर्ड ले रहे थाना इंडस्ट्रियल एरिया के प्रभारी इंस्पेक्टर सतनाम ने बताया कि मामले में हर एंगल से जांच की जा रही है। आसपास लोगों से पूछताछ के साथ सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, और मिसिंग लोगों का रिकॉर्ड ले रहे हैं।
Source link