[ad_1]
कपूरथला में देर रात एक रेहड़ी चालक को लूट का विरोध करने पर गोली मार दी गई। दो बाइक सवार बदमाशों ने पिस्तौल की नोक पर उससे 10 हजार रुपए लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की, जिसमें एक गोली रेहड़ी चालक की टांग में लगी। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान जग्गू शाह डेरा निवासी राजिंदर पाल के रूप में हुई है। राजिंदर पाल आरसीएफ के पास दुकानदारों को रेहड़ी पर खाने-पीने का सामान सप्लाई करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती रात करीब 10 बजे वह रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रहे थे। जब वह गांव बरिंदपुर गुरुद्वारा साहिब के पास पहुंचे, तो पीछे से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उनकी दिनभर की कमाई करीब 10,000 रुपये लूट लिए। पीड़ित ने विरोध किया तो चलाई गोलियां राजिंदर पाल द्वारा विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर गोलियां चलाईं और धमकी दी कि अगर उन्होंने किसी को बताया तो जान से मार देंगे। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में एक गोली उनकी टांग के ऊपरी हिस्से में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल राजिंदर पाल को सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती कराया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ड्यूटी डॉक्टर ने उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस को घटनास्थल से दो खाली खोल भी बरामद हुए हैं। डीएसपी सबडिवीजन शीतल सिंह ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। डीएसपी शीतल सिंह ने यह भी बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
[ad_2]
Source link