ग्वालियर7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
ग्वालियर के प्रसिद्ध प्राचीन अचलेश्वर मंदिर में एक श्रद्धालु के साथ पुजारी द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। श्रद्धालु ने आरोप लगाया है कि प्रसाद चढ़ाने को लेकर हुए विवाद के बाद उसे एक कमरे में बंद कर पीटा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
शिकायतकर्ता राजेश बोहरा, निवासी लक्ष्मीगंज लश्कर ने अपने आवेदन में बताया कि वह पिछले करीब 40 वर्षों से अचलेश्वर मंदिर में सेवा कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि 29 मार्च 2026 को जब वे मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे थे, उन्होंने पुजारी गगन कटारे को प्रसाद चढ़ाने के लिए दिया। पुजारी ने प्रसाद को भगवान पर फेंककर चढ़ाया।
नटराज भवन में ले जाकर की पिटाई, CCTV में कैद हुई घटना
राजेश बोहरा ने जब पुजारी गगन कटारे से प्रसाद ठीक से चढ़ाने को कहा तो दोनों के बीच विवाद हो गया। राजेश के अनुसार, पुजारी गगन ने अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि इसे मंदिर के नटराज भवन में ले जाकर ‘सही कर दो’।
इसके बाद, राजेश बोहरा को खींचकर नटराज भवन में ले जाया गया, जहां पुजारी गौरव कटारे द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की और गाली-गलौज भी की गई। मारपीट की यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है।
पीड़ित ने पुजारी पर धमकी देने का भी आरोप लगाया है
राजेश बोहरा ने अपने आवेदन में पुजारी गौरव कटारे पर आरोप लगाया है कि उन्होंने धमकी देते हुए कहा, “इसे तांत्रिक क्रिया से भस्म कर देंगे, सड़-सड़कर मरेगा।” पीड़ित ने यह भी कहा कि उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। घटना से आहत होकर राजेश ने मंदिर प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों से अपनी सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें…
मैहर मंदिर में प्रेम प्रसंग को लेकर मारपीट, VIDEO
मैहर शारदा मंदिर परिसर में प्रेम प्रसंग को लेकर हुई मारपीट का एक वीडियो सामने आया था। पुलिस ने इस घटना को प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद बताया है, जिसमें मारपीट के बाद युवक-युवती की शादी करा दी गई। पढ़िए पूरी खबर।