मुजफ्फरपुर SSP ने अपर थानाध्यक्ष को निलंबित किया:कर्तव्य में लापरवाही का आरोप, ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे




मुजफ्फरपुर में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के प्रयासों के बीच, वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा ने कार्रवाई की है। उन्होंने बेनीबाद थाना के अपर थानाध्यक्ष, पुलिस अवर निरीक्षक (पु०अ०नि०) दीपक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई कर्तव्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के गंभीर आरोपों के बाद की गई है। मामला 30 और 31 मार्च 2026 को मुजफ्फरपुर पुलिस की ओर से चलाए गए ‘विशेष समकालीन अभियान’ से जुड़ा है। इस अभियान का उद्देश्य फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाना था। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), पूर्वी-01 की ओर से अभियान के दौरान किए गए निरीक्षण में अपर थानाध्यक्ष दीपक कुमार की कार्यप्रणाली में कई खामियां सामने आईं। ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे एसएसपी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, दीपक कुमार अभियान के दौरान न केवल ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, बल्कि उन्होंने सरकारी संचार माध्यमों (जैसे वायरलेस या फोन) से भी संपर्क नहीं रखा। जांच रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि वे महत्वपूर्ण सूचनाओं के आदान-प्रदान में सहयोग नहीं कर रहे थे और कांडों की जांच और गिरफ्तारी की प्रक्रिया में अत्यधिक शिथिलता बरत रहे थे। थाना अभिलेखों के रखरखाव में भी कई अनियमितताएं मिलीं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली और विभागीय अनुशासन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा था। एसडीपीओ की रिपोर्ट के आधार पर, एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने पु०अ०नि० दीपक कुमार को सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया है।एसएसपी ने स्पष्ट संदेश दिया है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की कोताही, लापरवाही या अनुशासनहीनता को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *