कलेक्टर ने डूंगरपुर अस्पताल का निरीक्षण किया:मरीजों से बातचीत कर व्यवस्थाएं परखीं, सुधार के निर्देश दिए




डूंगरपुर के नवनियुक्त जिला कलेक्टर देशलदान ने सोमवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। कार्यभार संभालने के बाद यह उनका पहला दौरा था। उन्होंने चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, आईसीयू और अन्य विभागों का दौरा किया। उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से सीधा संवाद किया। कलेक्टर ने मरीजों से उपचार, निशुल्क दवाओं की उपलब्धता और चिकित्साकर्मियों के व्यवहार के बारे में जानकारी ली। अस्पताल अधीक्षक डॉ. महेंद्र डामोर और उप अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ सिंह ने उन्हें व्यवस्थाओं से अवगत कराया।
कलेक्टर देशलदान ने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने ओपीडी में लंबी कतारों को व्यवस्थित करने के लिए एक नया प्रबंधन सिस्टम लागू करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही, अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और जांच प्रक्रियाओं में लगने वाले समय को कम करने पर विशेष जोर दिया गया।
कलेक्टर ने संबंधित कर्मियों को आयुष्मान भारत जैसी राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सुलभता से पहुंचाने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण होने वाली भीड़भाड़ और पार्किंग की समस्या को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *