सेंट माइकल स्कूल पर लग सकता 2 लाख का जुर्माना:फिक्स दुकान से किताबें-स्कूल ड्रेस खरीदने दवाब, सीएम हेल्पलाइन में शिकायत




मैहर जिले के सेंट माइकल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सोनवारी को जिला शिक्षा अधिकारी सतना/मैहर ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत के बाद की गई है। अभिभावक विकास पाण्डेय ने शिकायत में आरोप लगाया था कि स्कूल प्रबंधन बच्चों के माता-पिता पर निर्धारित दुकानों से ही महंगी किताबें और स्कूल ड्रेस खरीदने का दबाव डालता है। इससे अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। जांच दल द्वारा की गई पड़ताल में शिकायत सही पाई गई। जांच के दौरान स्कूल परिसर में किताबों के बंडल मिले। इसके अतिरिक्त, 10 अभिभावकों ने अपने बयानों में पुष्टि की कि उन्हें महंगी किताबें और ड्रेस खरीदने के लिए मजबूर किया गया था। जांच में एक विशेष खाते में भुगतान लेने के प्रमाण भी सामने आए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सतना/मैहर ने इस कृत्य को मध्यप्रदेश निजी विद्यालय (फीस एवं अन्य विषयों का विनियमन) अधिनियम 2017 और नियम 2020 का उल्लंघन बताया है। स्कूल प्रबंधन को इस नोटिस का जवाब देने के लिए तीन दिन का समय दिया गया है। यदि स्कूल का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो उस पर 2 लाख रुपए तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *