गुना के मृगवास इलाके में तालाब में डूबने से एक नाबालिग की मौत हो गई। खेत पर फसल की रखवाली के दौरान ही वह तालाब में नहाने चला गया। इसी दौरान नहाते समय वह डूब गया। SDERF की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद उसका शव बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार मृगवास इलाके के बोरका खेड़ा गाने निवासी नीरज भील पुत्र विष्णु भील (13 वर्ष) रविवार दोपहर अपने खेत में गेहूं की फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान वह पास ही स्थित तालाब में नहाने के लिए चला गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश करते हुए तालाब के पास पहुंचे, जहां उन्हें नीरज के कपड़े और चप्पल तालाब किनारे पड़े मिले। कपड़े और चप्पल देखकर परिजनों को उसके तालाब में डूब जाने की आशंका हुई, जिसकी सूचना तत्काल मृगवास थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जानकारी ली। सोमवार सुबह SDERF की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद तालाब में तलाश अभियान चलाकर नीरज का शव बाहर निकाला। बताया जाता है कि नीरज भील अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link