उत्तर प्रदेश विधान परिषद की ‘विनियमन’ समीक्षा समिति की बैठक सभापति अश्विनी त्यागी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में हुई। इस बैठक में विनियमन समिति के समक्ष प्रस्तुत विभिन्न विभागों से संबंधित बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। गन्ना विभाग में पिछले तीन वर्षों में किसानों के लिए उन्नत किस्म के गन्ने के बीज की उपलब्धता सहित अन्य कार्यों की जानकारी ली गई। जिला गन्ना अधिकारी ने समिति को बताया कि किसानों को गन्ने की उत्तम किस्म की वैरायटी विभिन्न माध्यमों से उपलब्ध कराई जाती है। बेसिक शिक्षा विभाग में बच्चों के नामांकन के संबंध में जानकारी मांगने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत बच्चों का नामांकन स्कूलों में कराया जा रहा है। समिति ने बीएसए को निर्देश दिया कि जनपद के सभी जनप्रतिनिधियों को आरटीआई के तहत दाखिला लेने की पात्रता और स्कूल की दूरी संबंधी नियमानुसार प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए। स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए विद्युत विभाग के बिंदुओं की समीक्षा के दौरान मुख्य अभियंता ने विभाग के कार्यों की जानकारी दी। समिति के समक्ष बुकलेट में विभाग की ओर से एक ही सूचना अलग-अलग दिए जाने पर सभापति ने नाराजगी व्यक्त की और भविष्य में सही सूचनाएं प्रेषित करने के निर्देश दिए। समिति ने यह भी निर्देश दिया कि सरकार की महत्वपूर्ण ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के तहत सोलर पैनल लगाने वाले व्यक्तियों का विद्युत विभाग की ओर से रीडिंग जेनरेट करने का कनेक्शन अविलंब किया जाए। साथ ही, जर्जर लाइनों को भी ठीक कराया जाए। खुर्जा में फ्लैगशिप प्रोजेक्ट के तहत पॉटरी उद्योग से निकलने वाले वेस्ट से विकसित किए गए ‘अनोखी दुनिया’ नामक सिरेमिक पार्क की जानकारी भी प्रोजेक्टर के माध्यम से दी गई। आबकारी विभाग के बिंदुओं की समीक्षा के दौरान जिला आबकारी अधिकारी द्वारा संतोषजनक उत्तर नहीं दिए जाने और जनपद के अधिकतर जनप्रतिनिधियों के फोन नंबर उपलब्ध न होने तथा उनसे वार्ता न करने पर सभापति ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रमुख सचिव आबकारी के माध्यम से स्पष्टीकरण लेकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
Source link