जगराओं में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान फूलमती के रूप में हुई है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतका के भाई के अनुसार, फूलमती के पति का पहले ही निधन हो चुका था। वह जसवंत सिंह नामक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि दोनों कई वर्षों से साथ थे। मृतका का भाई बोला- बहन की हत्या हुई मृतका के भाई विनोद पासवान ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनकी बहन की हत्या कर शव को पंखे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। विनोद पासवान के मुताबिक, फूलमती के पास एक प्लॉट था, जिसे जसवंत सिंह अपने नाम करवाना चाहता था। इसी विवाद के कारण उनकी बहन की हत्या की गई। थाना सिटी के प्रभारी परमिंदर सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को एक महिला द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या।
Source link