बक्सर के नैनीजोर थाना क्षेत्र में गेहूं की कटाई के विवाद में किसान तारकेश्वर यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि घटना के बाद एक विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की गई, जिसके परिणामस्वरूप आरोपियों को पकड़ा जा सका। SDPO के नेतृत्व में जांच शुरू की गई एसपी शुभम आर्य के अनुसार, 4 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि गेहूं की कटाई के विवाद में मुन्ना यादव के पिता तारकेश्वर यादव को मनन तिवारी और उसके साथियों ने गोली मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरांव के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी की गठित टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित छापेमारी की। इस दौरान मुख्य आरोपी मनन तिवारी के साथ हार्वेस्टर मालिक राकेश कुमार उर्फ मुन्ना और चालक मोन्टी को गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि पूछताछ में सभी आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और अन्य सहयोगियों के बारे में भी जानकारी दी है। खोखा, मोबाइल, हार्वेस्टर और बाइक बरामद पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। घटना स्थल से खोखा, गोली, मोबाइल, हार्वेस्टर, मोटरसाइकिल और लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है, जो जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य हैं। एसपी बोले- दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध एसपी शुभम आर्य ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला गेहूं की कटाई के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है, जिसने हिंसक रूप ले लिया। नैनीजोर थाना में कांड संख्या 27/2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
Source link