8 साल से फरार स्थाई वारंटी गिरफ्तार:कई आपराधिक मामलों में था शामिल, इटावा पुलिस की स्पेशल टीम ने जयपुर से पकड़ा




कोटा ग्रामीण जिले की बुढादीत थाना पुलिस ने करीब 8 साल से फरार चल रहे स्थाई गिरफ्तारी वारंटी हीरा लाल गुर्जर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई वांटेड अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। आरोपी को जयपुर के प्रताप नगर, सांगानेर क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस अधीक्षक कोटा ग्रामीण सुजीत शंकर ने बताया- महानिरीक्षक पुलिस कोटा रेंज द्वारा स्थाई वारंटी, अपराधी और भगोड़ों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत हीरा लाल की गिरफ्तारी संभव हो पाई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा और पुलिस उप अधीक्षक इटावा वृत्त ओमप्रकाश सरावग के सुपरविजन में यह अभियान संचालित किया गया। थानाधिकारी बुढादीत दीप्ति रानी के नेतृत्व में गठित विशेष पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपी हीरा लाल, धन्ना लाल गुर्जर का पुत्र, उम्र 40 वर्ष, मूल रूप से बुढादीत थाना क्षेत्र के डोबरली गांव का निवासी है। वह पिछले 8 वर्षों से पुलिस की पकड़ से बचता हुआ चल रहा था। उसके खिलाफ पहले से स्थाई वारंट जारी था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए और गहन तलाश के बाद उसे पकड़ने में सफलता मिली। इस कार्रवाई में थानाधिकारी दीप्ति रानी, सहायक उपनिरीक्षक नरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल सुरेश कुमार समेत पूरी टीम ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *