मैनपुरी मनरेगा चौपाल में मजदूरों ने भुगतान-काम पर जताई नाराजगी:कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना, 400 रुपए मजदूरी की मांग की




मैनपुरी जिला कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक अध्यक्ष जागीर मोनू यादव की अध्यक्षता में ग्राम पडोरा में “मनरेगा बचाओ चौपाल” का आयोजन किया। इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष गोपाल कुमार कुलश्रेष्ठ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी पूरन सिंह और नजर सिंह यादव ने किया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे, जिन्होंने मनरेगा मजदूरों के भुगतान में देरी और काम की कमी को लेकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। ग्रामीणों ने शिकायत की कि उन्हें न तो पूरा भुगतान मिल रहा है और न ही नियमित काम उपलब्ध हो रहा है। सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष गोपाल कुलश्रेष्ठ ने कहा कि मनरेगा के नाम और स्वरूप में बदलाव कर महात्मा गांधी के सिद्धांतों का अपमान किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में पहले 90 प्रतिशत भुगतान किया जाता था, जो अब घटकर 60 प्रतिशत रह गया है। शेष 40 प्रतिशत का बोझ राज्यों पर पड़ने से मजदूरों को समय पर भुगतान करना मुश्किल हो गया है। फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए मनरेगा मजदूरों की दैनिक मजदूरी कम से कम 400 रुपये करने की मांग की। इसके साथ ही, उन्होंने किसानों की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताई, कहा कि उन्हें फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और कर्ज का बोझ लगातार बढ़ रहा है। चौपाल में मौजूद लोगों ने सरकार की नीतियों को गरीब और किसान विरोधी बताया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और कमजोर हो रही है। इस अवसर पर हरेन्द्र राउत, गौरव कुमार खेड़ा, हिमांशु सेन, अनुपम शाक्य, डॉ. नवीन शर्मा, दीपचंद्र भारतीय, पंकज कुमार, सुधीर यादव सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *