जोधपुर में जलदाय विभाग ऑफिस पर लोगों का प्रदर्शन:कहा- 200 घर पानी की किल्लत झेल रहे, पाइपलाइन बदलने की मांग




जोधपुर की कई कॉलोनियों में जलापूर्ति की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों ने आक्रोश जताया। लोगों ने जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता, नगरखंड द्वितीय लाल सागर ऑफिस में मंगलवार को ज्ञापन सौंपकर 6 इंच की नई पाइपलाइन डालने की मांग की है। कॉलोनी वासियों ने ऑफिस के बाहर नारे भी लगाए। लोगों ने कहा- जोधपुर के नांदड़ी स्थित डिफेंस कॉलोनी में लंबे समय से पानी की किल्लत से परेशानी हो रही है। डिफेंस कॉलोनी निवासी भंवरलाल चवेल के अनुसार- करीब 25 वर्ष पहले डाली गई 4 इंच की पाइपलाइन वर्तमान आबादी के हिसाब से पर्याप्त नहीं है। हालात ऐसे हैं कि अब इस पाइपलाइन से केवल कुछ ही घरों तक पानी पहुंच पाता है, जबकि बाकी लोगों को रोजाना पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। इससे करीब 200 घरों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया- AON लाइब्रेरी से प्रिया सिलाई सेंटर होते हुए रामनिवास के घर तक करीब 800 मीटर नई पाइपलाइन डालना आवश्यक है। साथ ही लाइब्रेरी के पास मुख्य सड़क पर वाॅल्व लगाने की मांग भी की गई है, ताकि गली में पर्याप्त जल सप्लाई हो सके। लोग बोले- शिकायत के बाद भी समाधान नहीं प्रदर्शकारियों ने कहा- वर्तमान में प्रिया सिलाई सेंटर रोड पर सड़क निर्माण और सीवरेज लाइन का कार्य चल रहा है। ऐसे में यदि अभी पानी की नई पाइपलाइन नहीं डाली गई तो बाद में बनी हुई सीसी सड़क को तोड़ना पड़ेगा। इससे अनावश्यक खर्च और परेशानी बढ़ेगी। कॉलोनीवासियों ने जल आपूर्ति को नियमित करने और समय निर्धारित करने की भी मांग की। उन्होंने कहा- इस संबंध में पहले भी विभाग को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही 6 इंच की पाइपलाइन डालकर जल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान गंगाराम गोदारा, भंवरलाल चवेल, रामप्रकाश ढाका, ओमप्रकाश डूडी, दिनेश सोनी, झूमरलाल बिश्नोई, बीमाराम बिश्नोई, सुभाष बिश्नोई, उम्मेद राम गोदारा, मेहराम राम डूडी, पांचाराम, श्रवण राम माली सहित कॉलोनीवासी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *