फर्रुखाबाद में मंगलवार को किसानों ने आलू को लेकर यात्रा निकाली। किसानों का कहना है कि उन्हें उपज का सही दाम नहीं मिल पा रहा है। इससे किसान परेशान हैं। सातनपुर मंडी के किसान उचित मूल्य न मिलने के कारण गंभीर संकट का सामना कर रहे हैं। अपनी उपज का सही दाम और संरक्षण की मांग को लेकर किसानों ने ‘आलू किसान बचाओ यात्रा’ शुरू की है, यह फर्रुखाबाद से लखनऊ स्थित राजभवन तक जाएगी। मंडी में आलू के उचित दाम न मिलने से नाराज किसानों ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। उनका कहना है कि वर्तमान में उन्हें आलू की लागत तक नहीं मिल पा रही है। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाना है। प्रदर्शन कर रहे किसान नेताओं, सुधीर कुमार शुक्ल और अशोक कटियार ने बताया कि किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने सरकार से आलू के लिए उचित समर्थन मूल्य (MSP) घोषित करने की मांग की है, जिसमें लागत और मेहनत दोनों शामिल हों। किसानों की अन्य प्रमुख मांगों में आलू के निर्यात को बढ़ावा देना, आलू को मंडी शुल्क से मुक्त रखना, क्षेत्र में आलू आधारित उद्योग (प्रोसेसिंग यूनिट्स) स्थापित करना और आलू को मिड-डे मील तथा राशन दुकानों के वितरण में शामिल करना शामिल है। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो किसान और ज्यादा परेशान हो जाएंगे।
Source link