कपूरथला पुलिस ने 3 बदमाशों को पकड़ा:रेहड़ी चालक को गोली मारकर लूट की थी, पिस्तौल, कारतूस और बाइक बरामद




कपूरथला पुलिस ने रेहड़ी चालक को गोली मारकर लूटने के मामले में तीन बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह वारदात 2 अप्रैल की देर रात कपूरथला-सुल्तानपुर लोधी रोड पर गांव बरिंदरपुर के पास हुई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्तौल, मैगजीन, छह कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। एसपी (डी) हरिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पेशेवर अपराधी हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। थाना सदर पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित राजिंदर पाल, निवासी औजला फाटक, कपूरथला ने बताया कि वह आरसीएफ के पास दुकानदारों को रेहड़ी पर खाने-पीने का सामान सप्लाई करते हैं। पिस्तौल दिखाकर छीनी दिनभर की कमाई 2 अप्रैल की रात करीब 10 बजे वह काम खत्म कर घर लौट रहे थे। जब वह गांव बरिंदरपुर के पास गुरुद्वारा साहिब के नजदीक पहुंचे, तो दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने पिस्तौल दिखाकर उनसे दिनभर की कमाई, करीब 10 हजार रुपये, लूटने की कोशिश की। जब राजिंदर पाल ने विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और गोली चला दी। एक गोली जमीन पर लगी, जबकि दूसरी उनकी टांग के ऊपरी हिस्से में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल कपूरथला पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने शुरू की जांच घटना के बाद थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीएसपी सब-डिवीजन डॉ. शीतल सिंह और एसएचओ रणजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपियों की पहचान की और उनकी लोकेशन ट्रेस कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान परमेश्वर सिंह उर्फ सोनू, अविनाश उर्फ विराट और सुभाष उर्फ नीटा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपियों ने वारदात से पहले रेहड़ी चालक की कई दिनों तक रेकी की थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान और भी अहम खुलासे हो सकते हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *