राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस बारिश, ओलावृष्टि का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर के अनुसार इस सिस्टम का असर 8 अप्रैल को भी रहेगा। हालांकि, कल से एक हफ्ते तक मौसम साफ रहने की संभावना है। मंगलवार को कई जिलों में एक इंच से ज्यादा पानी बरसा। वहीं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर समेत कई जिलों में तूफानी बारिश के साथ ओले गिरे। लगातार बारिश के कारण तापमान में भी 7 डिग्री तक गिरावट हुई है। 10 से ज्यादा शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे राज्य में बारिश, आंधी और बादल छाने से तापमान में 7 डिग्री गिरावट हुई। मंगलवार को 10 से ज्यादा शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे अधिक अधिकतम तापमान चित्तौड़गढ़ में 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मंगलवार दिन का सबसे ठंडा इलाका फतेहपुर रहा, जहां का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। आंधी के साथ बारिश, ओले गिरे पिछले 24 घंटे में जोधपुर, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, सीकर, जयपुर, दौसा, अलवर, नागौर, टोंक, भरतपुर, धौलपुर समेत कई जिलों में घने बादल छाने के साथ बारिश हुई। नागौर, चूरू, हनुमानगढ़ के एरिया में 40KM स्पीड से ज्यादा तेज गति से आंधी चली और बारिश के साथ ओले गिरे। फसलों को नुकसान वहीं, लगातार बारिश से गेहूं, इसबगोल जैसी फसलों को नुकसान हुआ है। तेज बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया है और कटने के लिए तैयार फसल खराब हो गई। कई जिलों में मंडी में रखी फसल भी भीग गई है। अब आगे क्या? 6 अप्रैल की रात सक्रिय सिस्टम का सर्वाधिक असर मंगलवार को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर व उदयपुर, कोटा संभाग में रहा। अगले 24 घंटे भरतपुर, जयपुर संभाग के उत्तरी इलाकों में हल्की बारिश होने का अलर्ट है। कल से मौसम अगले चार-पांच दिन साफ रहेगा और दिन में धूप तेज होने के साथ तापमान में बढ़ोतरी होगी। मौसम विभाग जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अप्रैल के आखिरी दो हफ्तों में पारा चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ेगी। इस बार मई-जून में अच्छी गर्मी के आसार हैं।
Source link