धामोनी दरगाह में सालाना उर्स 8 मई से, कव्वाली मुकाबले होंगे



भास्कर संवाददाता | सागर जिले के धामोनी स्थित सर्वधर्म एवं कौमी एकता के प्रतीक हजरत सैयद मोहम्मद इशहाक वली शामी उर्फ बाबा बालजती शाह रह. के तीन दिवसीय सालाना उर्स को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 8 से 10 मई तक आयोजित होने वाले इस धार्मिक आयोजन के संबंध में दरगाह प्रबंध कमेटी की बैठक दरगाह शरीफ धामोनी एवं सागर काजी मोहल्ला में हुई। वक्फ बोर्ड कमेटी के अध्यक्ष काजी खान बहादुर की उपस्थिति में सर्वसम्मति से मु. जकी खान को कव्वाली कार्यक्रम का अध्यक्ष चुना गया। निर्णय लिया गया कि उर्स का आयोजन क्षेत्रीय विधायक बंडा एवं उर्स कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह लोधी की अध्यक्षता में होगा। उर्स का शुभारंभ 8 मई को नमाज-ए-जुमा के बाद संदली चादर पेश कर किया जाएगा। इसी दिन नमाज-ए-इशा के बाद मीलाद शरीफ का आयोजन होगा। 9 मई को कव्वाली कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें ख्याति प्राप्त कव्वाल शावेज साबरी (उत्तर प्रदेश) और हबीब अजमेरी (नागपुर) प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 10 मई को नुसरत कादरी (राजस्थान) और सब्बू शादाब साबरी (उत्तर प्रदेश) के बीच पूरी रात कव्वालियों का मुकाबला होगा, जो उर्स का मुख्य आकर्षण रहेगा। बैठक में उर्स के सफल आयोजन के लिए दरगाह सजावट, बाजार, स्टेज, टेंट-साउंड, डेकोरेशन, देग प्रसाद वितरण और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग प्रभारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस अवसर पर मु. जकी खान, शाहिद अली, नाजिर खान, रईस मकरानी, इस्लाम खान सहित दरगाह प्रबंध कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *