जमुई के कुंदर बराज में सिरकटी महिला का मिला शव:बालू में दबा धड़, 25 फीट दूर सिर; बॉडी को नोच रहे थे कुत्ते




जमुई-लखीसराय सीमा रेखा पर स्थित कुंदर बराज के समीप मंगलवार को एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव बरामद किया गया। यह शव नदी के बालू के नीचे दबा हुआ मिला। पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार देर शाम स्थानीय युवकों ने कुंदर बराज के पास नदी किनारे एक महिला का कटा हुआ सिर देखा था। यह सिर मुख्य स्थल से करीब 25 फीट की दूरी पर पड़ा था। इसकी सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने सिर को बरामद कर लिया था। उस समय धड़ का पता नहीं चल सका था। शव को नोच रहे थे कुत्ते मंगलवार सुबह यह मामला और गंभीर हो गया, जब स्थानीय लोगों ने उसी क्षेत्र में नदी के बालू के नीचे दबे एक महिला के शव को देखा। बताया जाता है कि कुछ कुत्ते शव को नोच रहे थे, तभी महिला का हाथ बाहर दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल कुत्तों को भगाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही टाउन थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भागलपुर भेजा गया है, जबकि नमूनों को फोरेंसिक जांच के लिए भी भागलपुर भेजा गया है। घटनास्थल से महिला के कपड़े बरामद स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल से महिला के कपड़े भी बरामद किए गए हैं। सूत्रों का कहना है कि महिला की हत्या कहीं और की गई और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को सीमा क्षेत्र में लाकर बालू के नीचे दबा दिया गया। पुलिस को आशंका है कि यह हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने का प्रयास है। यह पहली घटना नहीं है जब इस इलाके में इस तरह की वारदात सामने आई है। इससे पहले 8 मई 2024 को अंबा और सिमरिया गांव के बीच पुलिया के नीचे एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव मिला था, जिसकी पहचान अबतक पुलिस नहीं हो पाई थी। वहीं 22 अक्टूबर 2024 को बरुअट्टा गांव के धीरजी तालाब में एक महिला और एक बच्चे का शव मिला था, जो आज तक अनसुलझा है। लगातार मिल रही इस तरह की घटनाओं ने प्रशासन के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

खासकर सीमा क्षेत्र होने के कारण अपराधियों द्वारा इस इलाके का इस्तेमाल शव ठिकाने लगाने के लिए किए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मृतका की पहचान के लिए आसपास के जिलों से भी संपर्क साधा जा रहा है। इस रहस्यमयी वारदात ने पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।

एसडीपीओ सतीश सुमन ने बताया कि एक अज्ञात महिला की सिरकटी लाश बरामद की गई है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *