अशोकनगर जिले में बुधवार सुबह मौसम में बदलाव देखा गया। घने बादल छाए रहे और कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। लगभग 5 से 10 मिनट तक हुई इस बूंदाबांदी से खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों, खासकर गेहूं को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। बीते कुछ दिनों से जिले में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। एक-दो दिन धूप निकलने के बाद बुधवार को फिर से आसमान में बादल छा गए। बादलों और तेज हवाओं के कारण सुबह का मौसम काफी ठंडा रहा। मौसम में इस बदलाव के चलते बीते सप्ताह की अपेक्षा तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। वर्तमान में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। यह स्थिति पिछले तीन-चार दिनों से बनी हुई है। हालांकि, मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिन में मौसम साफ होने का अनुमान जताया है। इसके बाद धूप निकलेगी और अगले तीन-चार दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की जाएगी, जिससे गर्मी का असर फिर से तेज होगा।
Source link