सर्राफा व्यापारी से लूट के 6 आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:हरदोई में 3 बदमाश घायल, जेवर और नकदी बरामद




हरदोई के टड़ियावां थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से तीन बदमाश घायल हो गए, जबकि कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से सर्राफा व्यापारी से लूटे गए आभूषण और नकदी बरामद की है। एएसपी पश्चिमी एमपी सिंह ने बताया कि टड़ियावां थाना क्षेत्र में कुछ संदिग्धों के घूमने की सूचना मिली थी। मंगलवार देर रात ददनामऊ पुल के पास चेकिंग के दौरान दो बाइक पर सवार छह संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। संदिग्धों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों की पहचान सीतापुर निवासी प्रियांशु, प्रशांत और तुषार के रूप में हुई है। तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल बदमाशों के साथ सचिन, अंशुमान और आशीष को भी गिरफ्तार किया गया है। एएसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से 3 अप्रैल को सर्राफा व्यापारी सर्वेश कुमार रस्तोगी से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, 24,100 रुपये नकद, अवैध शस्त्र, दो बाइक 8 मोबाइल आदि बरामद किया गया है। टड़ियावां थाना क्षेत्र के गोपामऊ कस्बे के मोहल्ला मिश्राना निवासी सर्वेश कुमार रस्तोगी ने 3 अप्रैल की रात मुकदमा दर्ज कराया था। बताया वह अपने पुत्र गौरव रस्तोगी के साथ टड़ियावां में अपनी सराफा की दुकान बंद करके बाइक से घर जा रहे थे। इस दौरान बाजार पुरवा के पास बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनकी डिग्गी में रखे सोने चांदी के आभूषण और डेढ़ लाख रुपए लूट लिए थे। आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की थी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *