मऊ में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन:हिंदू जागरण समिति ने अभिभावकों के आर्थिक शोषण का आरोप लगाया, ज्ञापन सौंपा




मऊ जिला कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को हिंदू जागरण समिति गोरक्ष प्रांत के कार्यकर्ताओं ने निजी विद्यालयों की मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि जिले के निजी स्कूल शिक्षा के नाम पर अभिभावकों का आर्थिक शोषण कर रहे हैं। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया। समिति के प्रतिनिधि अमित कुमार वर्मा ने बताया कि मऊ जनपद में निजी विद्यालय हर वर्ष बिना किसी ठोस कारण के पाठ्यक्रम और पुस्तकों में बदलाव करते हैं। इससे अभिभावकों को हर साल नई किताबें खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का क्षेत्र, जो समाज के निर्माण का आधार है, उसे व्यवसाय का माध्यम बना दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि निजी विद्यालयों द्वारा मनमाने तरीके से फीस वसूली की जा रही है। इससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों के लिए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने इस तरह की मनमानी को जनविरोधी बताते हुए तत्काल रोक लगाने की मांग की। हिंदू जागरण समिति ने प्रशासन से मांग की है कि निजी विद्यालयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। समिति ने फीस और पाठ्यक्रम को लेकर स्पष्ट नियम लागू करने की भी अपील की, ताकि शिक्षा के बढ़ते व्यवसायीकरण पर लगाम लगाई जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *